Advertisemen
राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में हिंदुस्तान की सर्वोच्च अदालत ने सुनवाई पूरी कर ली है और फैसला सुरक्षित रख लिया है. सुप्रीम कोर्ट जल्द ही इस पर फैसला सुनाएगा. हालांकि योगगुरु रामदेव मक्का मदीना और वेटिकन सिटी में मंदिर बनाने की जगह देने की शर्त पर अयोध्या मामले में बीच का रास्ता निकालने को तैयार हैं. आपको बता दें कि मक्का मदीना मुस्लिम धर्म के पवित्र स्थल हैं, जबकि वेटिकन सिटी में रोमन कैथोलिक चर्च है |
राम मंदिर मामले पर बीच का रास्ता निकालने के सवाल पर रामदेव ने कहा कि मक्का मदीना में भी बीच का रास्ता निकालना चाहिए और वहां हमको एक कोना दिया जाए, ताकि हम वहां पर राम, कृष्ण और शिव की मूर्ति स्थापित कर सकें. उन्होंने कहा कि हमको वेटिकन सिटी में भी एक कोना दिया जाना चाहिए, ताकि हम वहां हनुमान की मूर्ति लगा सकें.
आजतक से खास बातचीत में योगगुरु रामदेव ने कहा कि अयोध्या में सभी बीच का रास्ता निकालना चाहते हैं, लेकिन मक्का मदीना और वेटिकन सिटी में बीच का रास्ता निकालने के लिए कोई तैयार नहीं है. रामदेव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा. हम मक्का मदीना और वेटिकन सिटी में राम मंदिर बनाने की मांग नहीं कर रहे हैं. यह सच पूरी दुनिया मानती है कि अयोध्या में राम पैदा हुए थे. राम हमारे पूर्वज हैं. चाहे कोई उनको इंसान माने या भगवान माने. दुनिया में सभी अपने पूर्वजों को सम्मान देते हैं. राम मंदिर बनने से पूर्वजों को सम्मान मिलेगा.
Advertisemen
